कांवड़ मेले में उत्कृष्ट ड्यूटी पर 63 पुलिसकर्मी सम्मानित










Listen to this article

न्यूज 127, उत्तरकाशी।
कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 63 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने प्रशस्ति देकर सम्मानित किया। पुलिस लाइन ज्ञानसू स्थित भागीरथी कॉन्फ्रेंस हॉल में सोमवार को आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन में पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई।

सम्मेलन में जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराध, नशे के खिलाफ कार्रवाई, यातायात व्यवस्था और मानसून की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नशा तस्करी और आदतन अपराधियों पर सख्ती
पुलिस अधीक्षक ने स्मैक, चरस, गांजा समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मजबूत सूचनातंत्र विकसित करने पर भी जोर दिया गया। लगातार नशे के कारोबार में संलिप्त और आदतन अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। गुमशुदगी और महिला अपराध से जुड़े मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

मानसून में अलर्ट मोड पर रहे पुलिसकर्मी
मानसून को देखते हुए सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में आपदा उपकरण, वाहन और पर्याप्त पुलिस बल को हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए गए। थाना क्षेत्रों में कार्यरत आपदा स्वयंसेवकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उन्हें राहत एवं बचाव कार्यों का आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने को कहा गया, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

साइबर अपराध पर भी विशेष निगरानी
साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने साइबर सेल के साथ बेहतर समन्वय कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। म्यूल बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और सिम कार्डों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। लंबित शिकायतों, समन, नोटिस और वारंटों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

63 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान
कांवड़ मेले के दौरान श्री गंगोत्री धाम में बड़ी संख्या में कांवड़ियों और वाहनों की आवाजाही के बीच पुलिसकर्मियों ने बरसात और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महत्वपूर्ण आयोजनों में पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और टीम भावना ही सफल पुलिसिंग की पहचान है।

उत्कृष्ट ड्यूटी के लिए सम्मानित होने वालों में निरीक्षक दिनेश कुमार, एसएचओ कोतवाली, दीपक नौटियाल, एसएचओ मनेरी, प्रदीप सिंह तोमर, एसएचओ हर्षिल, मनोज असवाल, एसएचओ धरासू और निरीक्षक यातायात सुनील कुमार सहित उपनिरीक्षक, अपर उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी, महिला आरक्षी, होमगार्ड और पीआरडी जवान शामिल रहे।

पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनीं
सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों के कल्याण और बेहतर कार्य वातावरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही आमजन के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत देते हुए कहा कि पुलिसिंग में अनुशासन के साथ जनसेवा की भावना सर्वोपरि है।

अभियोजन अधिकारियों ने विवेचकों को दिया मार्गदर्शन
सम्मेलन में सहायक निदेशक अभियोजन अरुण गौड़ ने अभियोजन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया। डीजीसी प्रवीण और एडीजीसी पूनम ने विवेचकों को अभियोजन प्रक्रिया, विवेचनाओं की गुणवत्ता और आवश्यक सुधारों की जानकारी दी।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक शिव कुमार, समस्त प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, जनसम्पर्क अधिकारी अजय सिंह, निरीक्षक अभिसूचना विकास नौटियाल, निरीक्षक यातायात सुनील कुमार, प्रभारी निरीक्षक शिकायत प्रकोष्ठ टीकम सिंह चौहान, निरीक्षक बीएस चौहान, प्रभारी एसओजी निखिल देव चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।