महिला डॉक्टर ने अपने क्लीनिक में लगायी फांसी, दो साल पहले छोड़ी थी बीएसएफ की नौकरी










Listen to this article

न्यूज 127. मेरठ, (जोजो)
एक महिला चिकित्सक ने अपने क्लीनिक में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने मृतका के शव को लेकर सवाल उठाएं हैं।

मृतका की पहचान पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के रॉयल पार्क एक्सटेंशन निवासी महिला चिकित्सक खुशहाली (26) के रूप में हुई। उनका शव पल्लवपुरम फेस-दो की सर्विस रोड स्थित क्लीनिक के कमरे में मिला। परिजनों ने दोनों हाथ बंधे होने का दावा करते हुए मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं।

पति से विवाद की बात आ रही सामने
मृतका के परिजनों के मुताबिक, डॉ खुशहाली की मयंक चौधरी से करीब सात महीने पहले ही शादी हुई थी। बताया कि दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी के चलते वह कुछ समय से मायके में रह रही थीं। वह पल्लवपुरम फेस-दो की सर्विस रोड स्थित आयुर्वेदा एंड नेचुरल सेंटर में करीब चार माह से क्लीनिक चला रही थीं।

सुबह 6:15 पर घर से निकली थी खुशहाली
रविवार सुबह करीब 6:15 बजे खुशहाली घर से क्लीनिक के लिए निकली थीं। कुछ समय बाद क्लीनिक के कमरे में उनका शव मिलने की सूचना कर्मचारियों ने परिजनों को दी। जिसके बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पल्लवपुरम पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली
पुलिस ने क्लीनिक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खुशहाली के क्लीनिक पहुंचने के बाद वहां कौन-कौन आया और घटनाक्रम किस तरह हुआ। पुलिस परिजनों और क्लीनिक से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

दोनों हाथ बंधे होने का लगाया आरोप
दिल्ली निवासी खुशहाली के तहेरे भाई अखिल ने आरोप लगाया कि फंदे पर लटकी खुशहाली के दोनों हाथ बंधे हुए थे। इसलिए उसके सुसाइड की बात गले नहीं उतर रही। वहीं दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज से कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

शादी डॉट कॉम से हुई थी शादी
पुलिस की शुरूआती जांच पड़ताल में पता चला कि डॉक्टर खुशहाली की शादी मंयक चौधरी के साथ शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी। परिजनों के अनुसार, डॉ. खुशहाली के पिता जगदेव सिंह BSF में सब इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में नोएडा में तैनात हैं। जबकि डॉ खुशहाली भी बीएसएफ में कांस्टेबल थी लेकिन दो साल पहले उसने नौकरी से इस्तीफा दे दिया था।

कहना सीओ दौराला शिव ठाकुर का
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि घटनास्थल की फोरेंसिक टीम द्वारा गहन जांच कराई जा रही है. क्लीनिक के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि डॉक्टर के पहुंचने के बाद वहां कौन-कौन आया था। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।