अचीव-2026 में विद्यार्थियों ने जानी आधुनिक तकनीक की बारीकियां










Listen to this article

एसडीआईएमटी के छात्र-छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में किया शैक्षणिक भ्रमण

न्यूज 127 , हरिद्वार
स्वामी दर्शनानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एसडीआईएमटी) के छात्र-छात्राओं ने श्री प्रेमनगर आश्रम, हरिद्वार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी ‘अचीव-2026’ में शैक्षणिक भ्रमण कर आधुनिक तकनीक, औद्योगिक विकास और ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी हासिल की। 21 से 23 अगस्त तक आयोजित इस इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस कम एक्सपो में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने एक्सपो में लगाए गए विभिन्न सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के स्टॉल का अवलोकन किया। विशेष रूप से एनटीपीसी, एनएचपीसी, एसजेवीएन और उरेडा के स्टॉल पर पहुंचकर छात्र-छात्राओं ने ऊर्जा उत्पादन, नवीकरणीय ऊर्जा, आधुनिक तकनीकी प्रणालियों और संबंधित क्षेत्रों में हो रहे कार्यों की जानकारी रोचक ढंग से प्राप्त की।

इस दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न तकनीकी विषयों पर संवाद किया और आधुनिक तकनीक के व्यावहारिक उपयोग को नजदीक से समझा। एक्सपो में प्रदर्शित तकनीकी मॉडल, आधुनिक उपकरणों एवं परियोजनाओं ने विद्यार्थियों में विशेष उत्सुकता पैदा की।

व्यावहारिक ज्ञान से विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
संस्थान की निदेशक डॉ. जयलक्ष्मी ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल कक्षा तक सीमित रखने के बजाय समय-समय पर शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण कराया जाता है। ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने के साथ-साथ उद्योग जगत में तेजी से हो रहे बदलावों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), आधुनिकीकरण और तकनीकी नवाचार शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए ऐसे आयोजनों में भागीदारी उनके व्यावहारिक ज्ञान और भविष्य की कार्यक्षमता को मजबूत करने में सहायक होगी।

डॉ. जयलक्ष्मी ने कहा कि अचीव-2026 तकनीकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में तकनीकी शिक्षा और पॉलिटेक्निक जैसे व्यावसायिक एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा वे बदलते रोजगार बाजार की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
अचीव-2026 के तृतीय दिवस आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने एसडीआईएमटी के विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास के महत्व पर जोर दिया। इस अवसर पर एसडीआईएमटी के विद्यार्थियों तरणप्रीत, श्रेया, शालिनी, आदित्य, पायल शर्मा, सुनैना, दिया नेगी, रचित सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

विद्यार्थियों ने कहा कि एक्सपो के माध्यम से उन्हें किताबों और कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषयों के अलावा तकनीक के वास्तविक और व्यावहारिक स्वरूप को समझने का अवसर मिला। विशेष रूप से ऊर्जा क्षेत्र में कार्यरत संस्थानों की परियोजनाओं और तकनीकी प्रणालियों की जानकारी उनके लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायी रही।

इस अवसर पर संस्थान की ओर से डीन एकेडमिक अंजुम सिद्दीकी, रजिस्ट्रार अनुराग गुप्ता, प्रधानाचार्य अशोक गौतम, पंकज चौधरी, शुभम सिंह राठौड़, उमेश चंद, अंकुर चौहान, आशीष कुमार, देवेंद्र सिंह रावत, धरणीधर वाग्ले, वर्षा रानी एवं ज्योति राजपूत सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

संस्थान प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को ऐसे शैक्षणिक, औद्योगिक एवं तकनीकी आयोजनों से जोड़ने के प्रयास जारी रहेंगे, ताकि वे तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक अनुभव और आधुनिक रोजगार की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।