रानीपुर विधायक आदेश चौहान की पहल पर आंतरिक सड़कों का निर्माण शुरू




Listen to this article

लॉकिंग टाइल्स से बनेंगी विभिन्न सड़कें, विधायक आदेश चौहान बोले—जनता तक सीधे पहुंचे विकास का लाभ

हरिद्वार
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रोशनाबाद में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली है। गुरुवार को रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने विभिन्न आंतरिक सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया। लॉकिंग टाइल्स से बनने वाली इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से आंतरिक मार्गों की जरूरत महसूस कर रहे ग्रामीणों के लिए निर्माण कार्य शुरू होना बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जनता की जरूरतों के अनुरूप सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतार रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल कागजों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाना ही भाजपा का संकल्प है।

विधायक ने कहा कि रोशनाबाद में आंतरिक सड़कों के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की सड़क व्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में जहां भी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जरूरत सामने आ रही है, वहां प्राथमिकता के साथ विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय नागरिकों ने खुशी जताई और विधायक आदेश चौहान का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों के निर्माण से दैनिक आवागमन आसान होगा और क्षेत्र की सुविधा व्यवस्था में सुधार आएगा।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष बिन्दरपाल, पूर्व मंडल महामंत्री चमन चौहान, बाबूराम पाल, सुनील पाल, मुकेश पाल, भाजयुमो जिला कार्यकारिणी सदस्य अभय पाल, ग्राम विकास समिति रोशनाबाद के राहुल पाल, अक्षय पाल, दीपक पाल, अभिषेक पाल, सन्नी पाल, अमित कुमार, संजीव चौधरी, धीरज कुमार, पुनीत पाल, महेंद्र पाल, राहुल पाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।