संत बनने से पहले नसबंदी का प्रमाण पत्र हो अनिवार्य: स्वामी सुमितानंद




Listen to this article

संन्यास की पुरानी परंपरा को फिर लागू करने की पैरवी

पथ प्रवाह, हरिद्वार।
श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के महामंडलेश्वर एवं कथावाचक इंद्रदेव महाराज पर यौन शोषण के आरोपों के बाद संत समाज में भी इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच अग्नि अखाड़े के सचिव स्वामी सुमितानंद महाराज ने संत बनने से पहले नसबंदी अनिवार्य किए जाने की मांग उठाकर नई बहस छेड़ दी है।

स्वामी सुमितानंद महाराज ने संतों और कथावाचकों पर लगातार सामने आ रहे यौन शोषण के आरोपों पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से न केवल संबंधित संतों की छवि प्रभावित होती है, बल्कि पूरे संत समाज और सनातन परंपरा की प्रतिष्ठा पर भी सवाल खड़े होते हैं। इस तरह के मामलों को रोकने और संत समाज की मर्यादा बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में जो भी व्यक्ति साधु-संत बनने की इच्छा रखता है, उसके लिए संन्यास ग्रहण करने से पहले नसबंदी कराना अनिवार्य किया जाना चाहिए। साधु बनने की प्रक्रिया में नसबंदी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की व्यवस्था भी लागू होनी चाहिए। उनका मानना है कि इससे संतों पर लगने वाले यौन शोषण के आरोपों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।

संन्यास की पुरानी परंपरा लागू करने की पैरवी

स्वामी सुमितानंद महाराज ने संन्यास की पुरानी परंपराओं का हवाला देते हुए कहा कि पूर्व में संन्यास ग्रहण करने के दौरान नस दबाने की एक परंपरा प्रचलित थी, लेकिन वर्तमान समय में यह परंपरा लगभग समाप्त हो चुकी है। उनका कहना है कि इसी परंपरा के स्थान पर संत बनने से पहले नसबंदी अनिवार्य करने की व्यवस्था पर विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संत का जीवन त्याग, तपस्या, संयम और ब्रह्मचर्य पर आधारित होता है। ऐसे में संत बनने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए इन मर्यादाओं का पालन सर्वोपरि होना चाहिए। संतों पर बार-बार यौन शोषण के आरोप लगने से समाज में गलत संदेश जाता है। इसलिए संत समाज को आत्ममंथन कर ऐसी व्यवस्था विकसित करनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह के विवादों से बचा जा सके।