न्यूज 127.
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा लगाए जा रहे सुशासन कैंप के माध्यम से सोमवार को 77 मानचित्रों को स्वीकृति प्रदान की गई। सोमवार को सुशासन कैंप मुख्यालय हरिद्वार के अलावा भगवानपुर ब्लॉक में लगाया गया। सुशासन कैंप के माध्यम से समस्त प्रकार के एकल आवासीय भवनों तथा 75 वर्ग मीटर तक के भूखण्ड क्षेत्रफल के व्यवसायिक भवनों के मानचित्र स्वीकृति जांच पड़ताल के बाद प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जा रही है।
भगवानपुर ब्लाक तथा मुख्यालय-हरिद्वार में सोमवार को आयोजित सुशासन कैम्प में 110 मानचित्र आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 89 आवासीय भवन मानचित्र तथा 21 व्यवसायिक भवन मानचित्र के थे। कैंप के माध्यम से 110 मानचित्र आवेदन पत्रों में से 77 मानचित्र आवेदन स्वीकृत किये गये। सुशासन के तहत लगाए जा रहे कैंप में अब तक 302 भवन मानचित्र आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 260 आवासीय तथा 42 व्यवसायिक श्रेणी के मानचित्र आवेदन है। प्राप्त आवेदन पत्रों में से 250 भवन मानचित्र स्वीकृत तथा 39 मानचित्र अस्वीकृत किये गये। 13 भवन मानचित्र कार्यवाही में है, जिन्हें आगामी 2 दिनों में निस्तारित किया जाएगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह ने मुख्यालय और भगवानपुर में लगाए गए सुशासन कैंप का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि आवेदकों की समस्याओं का समाधान करते हुए मानचित्र स्वीकृति प्रदान की जाए।
अब अगला सुशासन कैंप 7 मई को भगवानपुर और मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा। कैंप में प्राधिकरण के अधिशासी अभियन्ता, सहायक अभियन्ता, अवर अभियन्ता और प्राधिकरण के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
IAS ANSHUL SINGH: हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के सुशासन कैंप में 77 भवन मानचित्रों को स्वीकृति




