न्यूज 127.
देर रात हुई तेज बारिश से जनपद में जगह जगह बाढ़ के हालात पैदा हो गए। बहादराबाद की एक फैक्टरी में बाढ़ का पानी घुसने से करीब 60 लोग फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके से 52 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।

वहीं गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सुबह नौ बजे गंगा में पानी खतरे के निशान को छूकर बह रहा था। जलस्तर 293.95 मीटर दर्ज किया गया। सुबह 10 बजे गंगा ने खतरे के निशान को पार कर लिया। जलस्तर 294.10 मीटर दर्ज किया गया। गंगा में बढ़ते जलस्तर को देखकर अधिकारी अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी लगातार फील्ड अधिकारियों से जानकारी ले रहे हैं।

सूचना पर तत्काल थाना बहादराबाद से वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रदीप राठौर, प्रभारी चौकी शांतरशाह उप नि खेमेंद्र गंगवार, रात्रि अधिकारी अपर उप नि0 राकेश सिंह थाना मोबाइल, HP 4 पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फायर पुलिस व जल पुलिस को भेजने के लिए कंट्रोल रूम को सूचना दी गई सभी पुलिस टीमों द्वारा मौके पर पहुंच कर राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। फैक्ट्री में कार्यरत 40 कर्मचारी/मजदूरों व 12 ट्रक चालक आदि को सकुशल बाहर निकाला गया। मौका पर अन्य कोई व्यक्ति फंसा हुआ नहीं है. सभी को फैक्ट्री से बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।