253 युवाओं के हाथों में नियुक्ति पत्र, विकसित भारत के संकल्प को मिली नई ऊर्जा




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के सीमा द्वार कैंप, देहरादून में शनिवार को रोज़गार मेला 2026 का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 253 चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय अजय टम्टा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसी लक्ष्य के तहत देशभर के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ 45 केंद्रों पर रोजगार मेलों का आयोजन किया गया, जहां कुल 61 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई है, जिसमें चयनित युवाओं को पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा, उसके बाद उनकी तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
रोजगार मेले के माध्यम से भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के सीमाद्वार कैंप में विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं प्रतिष्ठित संस्थानों—भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, असम राइफल्स, डीएफएस, एफएसआई, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (ऋषिकेश) तथा इसरो—में चयनित 253 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से नवनियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं एवं बधाई संदेश देकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के समापन पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने नवनियुक्त युवाओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के अथक प्रयासों और प्रभावी नीतियों के चलते विभिन्न विभागों में तेजी से कार्य हो रहा है, जिससे रोजगार मेलों जैसी पहल के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
कार्यक्रम में सविता कपूर, विधायक गढ़ी कैंट देहरादून, मनु महाराज, भारतीय पुलिस सेवा, महानिरीक्षक उत्तरी सीमांत मुख्यालय (देहरादून), आनंद सिंह यर्सों (कार्मिक एवं प्रशासन), बरिंदरजीत सिंह, भारतीय पुलिस सेवा, उत्तरी सीमांत मुख्यालय, परमिंदर सिंह, उप महानिरीक्षक, क्षेत्रीय मुख्यालय (देहरादून), रिंकू थापा, सेनानी 23वीं वाहिनी सहित बड़ी संख्या में अधिकारीगण एवं नव नियुक्त युवा उपस्थित रहे।