हरिद्वार।
एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, जगजीतपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर साहित्यिक क्लब के तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की भूमिका, उपलब्धियों और उनके सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की प्राचार्य डॉ. तृप्ति अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों को सम्मान देने और उन्हें मान्यता प्रदान करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

संस्थान के चेयरमैन संदीप चौधरी ने भी महिला दिवस के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान की छात्राओं ने समूह चर्चा, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता तथा महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इन गतिविधियों में छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में निक्की, आकृति, पायल, भूमि, भावना, मनप्रीत और ममता सहित कई छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा छात्राओं और शिक्षिकाओं ने फन गेम्स में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम का संचालन साहित्यिक क्लब की प्रमुख सुनीति त्यागी और सहप्रमुख दीपिका के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के अन्य सदस्यों रश्मि सक्सेना, करूणा नेहरा और रूपा विश्नोई का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
इस अवसर पर दीपशिखा वोहरा, वंदना सैनी, दीपाली अग्रवाल, डॉ. तनु चंद्रा, डॉ. निधि जोशी, रीना सहित संस्थान की कई शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।




