डीपीएस रानीपुर के दसवीं के विद्यार्थियों ने सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं में परचम लहराया








Listen to this article


हरिद्वार।
डीपीएस रानीपुर के छात्र—छात्राओं ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित हाईस्कूल (कक्षा 10) परीक्षा परिणाम 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष विद्यालय का परिणाम बेहद प्रभावशाली रहा, जिसमें कई विद्यार्थियों ने 98 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर शैक्षणिक उत्कृष्टता की मिसाल पेश की।

विद्यालय की छात्रा अक्षिता अग्रवाल ने 99.2% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया और टॉपर बनीं। उनके शानदार प्रदर्शन ने न केवल स्कूल बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। वहीं अलिशा चौधरी ने 99% अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा मिहिका वर्मा, ऋषि कुमार और आयुष बर्मन ने 98.6% अंक के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।

98% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं में तेजस्वा कुमार (98.4%), अन्वेशा सिंह (98.4%), अर्शिया जैन (98.2%), सारांश त्यागी (98.2%), आर्यन कुमार (98.2%), इशान कुमार (98.2%) और प्रारब्ध उनियाल (98.2%) शामिल हैं। प्रधानाचार्य डॉ अनुपम जग्गा ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को इस उत्कृष्ट परिणाम के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने कहा कि डीपीएस रानीपुर हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

विद्यालय परिसर में इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन को दिया। डीपीएस रानीपुर का यह परिणाम न केवल विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।