न्यूज 127, टिहरी गढ़वाल
टिहरी बांध की झील में बीते शनिवार सायं आए तेज आंधी-तूफान के कारण फ्लोटिंग हट्स की जेटी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे फ्लोटिंग हट्स दो हिस्सों में विभाजित हो गईं। घटना के समय फ्लोटिंग हट्स में लगभग 30 पर्यटक मौजूद थे।
सूचना मिलते ही कोटी कॉलोनी में तैनात एसडीआरएफ टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित एवं सफल रेस्क्यू अभियान चलाया। सभी पर्यटकों को सकुशल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। रविवार को प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त जेटी एवं फ्लोटिंग हट्स की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि एसडीएम कमलेश मेहता के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेषज्ञ जांच समिति गठित की गई है। यह समिति फ्लोटिंग हट्स की सुरक्षा व्यवस्था एवं संरचनात्मक स्थिति का सेफ्टी ऑडिट करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही फ्लोटिंग हट्स के संचालन की अनुमति पुनः प्रदान की जाएगी।
मौके पर उपस्थित अधिकारी
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता, तहसीलदार धीरज राणा, जिला विकास एवं पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, क्षेत्राधिकारी चंद्र मोहन सिंह तथा एसडीआरएफ के अधिकारी उपस्थित रहे।




