दामाद ने रची थी हत्या की साजिश, चर्चित रवि हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार








Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में हुए चर्चित रवि हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पंकज शर्मा (37 वर्ष), निवासी सीतापुर को सिडकुल क्षेत्र से दबोचा है, जिसने पारिवारिक जमीन विवाद के चलते अपने ही रिश्तेदार की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि पंकज शर्मा ने अपने ससुर के भाई रवि चौहान (44 वर्ष) की हत्या के लिए डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले कॉन्ट्रैक्ट किलर दानिश अली और नदीम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, साजिश में शामिल पंकज का भांजा गौतम अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
घटना की शुरुआत 17 अप्रैल को हुई, जब मृतक की पत्नी दिव्या चौहान ने ज्वालापुर कोतवाली में पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन 19 अप्रैल को रवि चौहान का शव पथरी पावर हाउस क्षेत्र से बरामद होने के बाद मामला हत्या में बदल गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई, जबकि जांच की जिम्मेदारी एसएसआई हर्ष अरोड़ा को सौंपी गई। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक को उसके भाई द्वारा जमीन उपहार में दी गई थी, जिससे नाराज पंकज शर्मा ने अपने भांजे गौतम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
आरोपियों ने दानिश अली और नदीम को 1.5 लाख रुपये में सुपारी दी, जिसमें 40 हजार रुपये अग्रिम और शेष रकम हत्या के बाद दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया था।
कॉन्ट्रैक्ट किलरों की गिरफ्तारी के बाद मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 2 मई को पंकज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है, जबकि फरार गौतम की तलाश जारी है।