IG निवेदिता कुकरेती ने संभाली कुमायूँ परिक्षेत्र की कमान, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता








Listen to this article

कैंची धाम मेला एवं पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्वयं किया स्थलीय निरीक्षण

न्यूज 127, नैनीताल।
भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक, कुमायूँ परिक्षेत्र, नैनीताल के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने परिक्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा परिक्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी ली।

कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती ने कहा कि कुमायूँ परिक्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, साइबर अपराधों की रोकथाम, मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाना, जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा पुलिस और जनता के मध्य विश्वास एवं संवाद को और अधिक मजबूत बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

कैंची धाम एवं पर्यटन सीजन रहेगा विशेष फोकस
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस, पर्यटन सीजन तथा बढ़ती पर्यटक गतिविधियों को दृष्टिगत रखते हुए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं अवरोधरहित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवाओं, डायवर्जन प्लान तथा भीड़ नियंत्रण के लिए सभी संबंधित जनपदों में व्यापक एवं प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को निर्बाध यात्रा एवं दर्शन का अनुभव प्राप्त हो सके।

आधुनिक पुलिसिंग एवं पुलिस कल्याण पर विशेष जोर
उन्होंने कहा कि पुलिस बल के आधुनिकीकरण, तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग, स्मार्ट पुलिसिंग, अपराध विश्लेषण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं क्षमता विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही अपराध एवं यातायात प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों के प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान हेतु समन्वित रणनीति अपनाई जाएगी।

मीडिया को बताया जनजागरूकता का महत्वपूर्ण साझेदार
पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदया ने मीडिया प्रतिनिधियों से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में शांति, सुरक्षा एवं जनजागरूकता के प्रसार में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यभार ग्रहण करते ही पहुँचीं कैंची धाम, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पत्रकार वार्ता के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती कैंची धाम पहुँचीं और आगामी कैंची धाम मेले एवं पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधों, आपातकालीन व्यवस्थाओं तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तृत जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

मंदिर समिति के साथ समन्वय पर दिया विशेष बल
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी अपील की कि आगामी आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने हेतु पुलिस प्रशासन एवं मंदिर समिति के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा।