न्यूज 127. देहरादून/उधमसिंह नगर।
उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने के एसटीएफ लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एसटीएफ की टीम ने देर रात्रि ताबड़तोड़ दबिश देकर 02 और अभियुक्त गिरफ्तार किये गए हैं। इनके पास से 02 पिस्टल एवं 31 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इस प्रकरण में अब तक 09 अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि 14 अवैध शस्त्र, 341 कारतूस एवं फर्जी लाइसेंस बरामद किये गए हैं।
मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “अपराध मुक्त उत्तराखण्ड” के विजन तथा पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ के निर्देशन में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखण्ड द्वारा राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानान्तरित होकर आये शस्त्र लाइसेंसों की वैधता एवं सत्यता की व्यापक जांच की जा रही है। इसी क्रम में एसटीएफ द्वारा की गई गहन जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 04.06.2026 को जनपद ऊधमसिंहनगर के थाना कोतवाली काशीपुर में FIR संख्या-213/2026 अन्तर्गत धारा 318(4), 338, 336(3), 340, 61(2), 3(5), 111 बीएनएस पंजीकृत करायी गयी थी। मुकदमे की विवेचना के दौरान दिनांक 12.06.2026 की देर रात्रि एसएसपी एसटीएफ के निर्देशन में कार्यवाही करते हुए एसटीएफ टीम ने जनपद ऊधमसिंहनगर के सितारगंज-रुद्रपुर क्षेत्र में दबिश देकर दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ उत्तराखण्ड ने बताया कि वर्ष 2026 के प्रारम्भ से ही राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों तथा कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अवैध शस्त्र लाइसेंस तैयार करने वाले गिरोहों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले लगभग एक माह से एसटीएफ की टीमें इस पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत जांच में जुटी हुई थीं। उन्होंने बताया कि टीम द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट एवं संकलित साक्ष्यों के आधार पर काशीपुर कोतवाली में अभियोग पंजीकृत कराया गया, जिसके बाद एसटीएफ लगातार एक के बाद एक प्रभावी कार्रवाई करते हुए इस संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करने में लगी हुई है।
एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि “फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों का यह खेल केवल कानून का उल्लंघन नहीं बल्कि समाज और राज्य की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। एसटीएफ इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाएगी। जांच में जिस किसी व्यक्ति, दलाल, लाइसेंस धारक अथवा सहयोगी की भूमिका सामने आएगी, उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
अब तक की एसटीएफ कार्रवाई
राज्य के विभिन्न जनपदों में 03 अभियोग पंजीकृत
09 अभियुक्त गिरफ्तार कर जेल भेजे गए
14 अवैध शस्त्र बरामद
341 कारतूस बरामद
बड़ी संख्या में संदिग्ध एवं फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद
गिरफ्तार अभियुक्त-
- करनजीत सिंह पुत्र नाजर सिंह, निवासी ग्राम भुड़िया कॉलोनी, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली (उ0प्र0), हाल निवासी/संचालक रेस्टोरेंट सरदार जी, सितारगंज, ऊधमसिंहनगर, उम्र 35 वर्ष।
- विक्रमजीत सिंह तूर पुत्र अजयपाल सिंह, निवासी नियर मंडी, सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र 36 वर्ष।




