न्यूज 127, उत्तरकाशी।
उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की रविवार 14 जून को होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी,कमलेश उपाध्याय ने परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को पुलिस लाइन ज्ञानसू स्थित भागीरथी कॉन्फ्रेंस हॉल में परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त समस्त नोडल, जोनल एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर परीक्षा के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने तथा परीक्षा को पारदर्शक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न करवाने हेतु ब्रीफ किया। उनके द्वारा जनपद मुख्यालय एवं आसपास स्थित परीक्षा केन्द्रों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया गया।
सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत परीक्षा केन्द्रों का भौतिक सत्यापन कर केन्द्र प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा आयोग एवं प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल बनाते हुए परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने हेतु बनायी गयी प्रभावी कार्ययोजना पर कार्य करने के निर्देश दिये गये।
परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग, परीक्षा केन्द्रों की सुरक्षा तथा परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकृत व्यक्तियों के अतिरिक्त अन्य किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अभ्यर्थियों को प्रवेश-पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र एवं पेन के अतिरिक्त कोई भी सामग्री परीक्षा केन्द्र के भीतर न ले जाने देने के संबंध में भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। मेगा परीक्षा केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिये गये। मौसम विभाग द्वारा जारी वर्षा अलर्ट के दृष्टिगत यातायात पुलिस को परीक्षा केन्द्रों के आसपास सुचारु एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया है। इसके अतिरिक्त पुलिस को होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, रेस्टोरेंट एवं होमस्टे आदि स्थानों की सतत निगरानी एवं चेकिंग के साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने हेतु अभिसूचना इकाई एवं एसओजी टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि UKSSSC द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा हेतु जनपद में कुल 21 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 17 परीक्षा केन्द्र उत्तरकाशी मुख्यालय क्षेत्र तथा 4 परीक्षा केन्द्र बड़कोट सर्किल में स्थित हैं। परीक्षा को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सम्पूर्ण जनपद को 2 सुपर जोन, 5 जोन एवं 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त पुलिस बल एवं अभिसूचना टीमों की तैनाती की गई है। साथ ही मेटल डिटेक्टर के माध्यम से सघन जांच व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उत्तरकाशी पुलिस निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शान्तिपूर्ण परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता एवं सतर्कता के साथ कार्य कर रही है।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, प्रतिसार निरीक्षक शिवकुमार, एसएचओ कोतवाली दिनेश कुमार, एसएचओ धरासू मनोज असवाल, एसएचओ मनेरी दीपक नौटियाल, निरीक्षक अभिसूचना विकास नौटियाल, निरीक्षक यातायात सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, पुलिस उपाधीक्षक बडकोट चंचल शर्मा व बडकोट सर्किल के पुलिस अधिकारी द्वारा मीटिंग में वर्चुअल प्रतिभाग किया गया।
बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद मुख्यालय एवं आसपास स्थित परीक्षा केन्द्रों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। परीक्षा केन्द्रों में स्थापित जैमर, प्रवेश द्वार एवं कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, सीटिंग प्लान, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं व व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा-2026 को लेकर उत्तरकाशी पुलिस मुस्तैद, एसपी ने किया ब्रीफ




