हरिद्वार।
आगामी कुंभ मेला 2027 को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अभी से तेज कर दिया है। इसी क्रम में वर्तमान में आयोजित सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान लागू यातायात एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का गहन अध्ययन किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुंभ मेला 2027 आयुष अग्रवाल स्वयं इस पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी टीम के साथ हरिद्वार के प्रमुख भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया, जिसमें हर की पैड़ी, आसपास के घाट, मुख्य मार्ग एवं पार्किंग जोन शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही, बैरिकेडिंग, डायवर्जन प्लान और आपातकालीन निकासी मार्गों का बारीकी से मूल्यांकन किया।
एसएसपी आयुष अग्रवाल ने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी पूरे शहर में वाहन एवं पैदल यातायात की स्थिति का अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले के लिए एक ऐसी स्मार्ट और प्रभावी योजना तैयार की जाए, जिसमें आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग हो और भीड़ को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान निरीक्षक योगेश देव एवं प्रतिसार निरीक्षक संजीव शर्मा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं में सुधार के सुझाव भी एकत्रित किए।
एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि बड़े धार्मिक आयोजनों के सफल संचालन के लिए वर्तमान आयोजनों से सीख लेना बेहद जरूरी है। इसी अनुभव के आधार पर कुंभ 2027 के लिए एक मजबूत, व्यवस्थित और जनहितकारी ट्रैफिक व भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




