न्यूज 127, हरिद्वार/देहरादून।
प्रदेश के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वायरल ऑडियो प्रकरण में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की सुनवाई के दौरान सुरेश राठौर को न्यायालय में पेश किया गया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में सामने आए एक कथित वायरल ऑडियो को लेकर मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। ऑडियो सार्वजनिक होने के बाद प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस तेज हो गई है। बतादें हाल ही में सुरेश राठौर ने हरिद्वार प्रेसक्लब में प्रेसवार्ता कर दो मुकदमों को हाईकोर्ट के आदेश के बाद खारिज होने की जानकारी दी गई थी। साथ ही कहा था कि अन्य मुकदमे भी जल्द समाप्त हो जाएंगे। रविवार को पुलिस द्वारा उन्हें उनके बुग्गावाला स्थित आश्रम से उठाने की बात कही जा रही थी।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड पहले से ही उत्तराखंड के सबसे चर्चित और संवेदनशील मामलों में शामिल रहा है। ऐसे में इस नए घटनाक्रम ने मामले को लेकर जनचर्चा और बढ़ा दी है। अदालत के आदेश के बाद सुरेश राठौर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है तथा जांच एजेंसियां विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।




