बारिश में भी उमड़ा आस्था का सैलाब: कैंची धाम मेले में 96 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन








Listen to this article

नैनीताल।
विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेला 2026 में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब भारी बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को नहीं रोक सकी। देश-विदेश से पहुंचे भक्तों का जनसैलाब बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए उमड़ पड़ा। सुबह 5 बजे से लेकर सायं आरती तक 96,110 से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए।

बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिनभर लगी रहीं और देर शाम तक आस्था का प्रवाह लगातार जारी रहा। “जय बाबा नीम करौली” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं में दर्शन के प्रति गहरी आस्था और उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

मेले के सफल संचालन के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम के नेतृत्व में सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित कराया। पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते रहे। शटल सेवा, बैरिकेडिंग और चरणबद्ध दर्शन प्रणाली को व्यवस्थित बनाए रखा। जिसके कारण भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग, महिलाओं और असहाय श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पुलिस जवानों और सेवादारों ने सेवा भाव के साथ कार्य किया। कठिन मौसम परिस्थितियों में भी पुलिस और प्रशासन के कर्मी पूरी निष्ठा के साथ डटे रहे, जो कर्तव्य और आस्था के अद्भुत संगम का उदाहरण बना।

मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का भी प्रभावी उपयोग किया गया। एसपी संचार रेवाधर मठपाल के निर्देशन में कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र पर लगातार नजर रखी गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रही।

श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि इतनी विशाल भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था बेहद सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित रही। कुल मिलाकर कैंची धाम मेला 2026 आस्था, सेवा और बेहतर प्रबंधन का सफल उदाहरण बनकर सामने आया।