- कृषि प्रणाली संस्थान ने लालढांग, हरिद्वार में किया “खेत बचाओ अभियान” एवं किसान गोष्ठी का आयोजन
न्यूज 127, हरिद्वार।
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम, मेरठ द्वारा अनुसूचित जाति उप-योजना (SCSP) के अंतर्गत “खेत बचाओ अभियान” एवं किसान गोष्ठी का आयोजन लालढांग, हरिद्वार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जाति समुदाय के किसानों की आय एवं आजीविका सुरक्षा, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा टिकाऊ कृषि विकास को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत रहे। अपने संबोधन में त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कृषि की दीर्घकालिक स्थिरता के लिए मृदा स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती एवं पर्यावरण-अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाकर किसानों को यूरिया एवं डीएपी जैसे बाहरी कृषि आदानों पर निर्भरता कम करनी चाहिए तथा मृदा की उर्वरता और उत्पादकता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयास करने चाहिए।

निदेशक डॉ सुनील कुमार ने दी गतिविधियों की जानकारी
कार्यक्रम में आईसीएआर-आईआईएफएसआर के निदेशक डॉ. सुनील कुमार ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने संस्थान द्वारा लालढांग क्लस्टर में संचालित विभिन्न अनुसंधान एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ मृदा, जल एवं जैव विविधता जैसे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने हरित खाद, लाभकारी सूक्ष्मजीवों (माइक्रोबायोम), कृषि अपशिष्टों के पुनर्चक्रण तथा जैव-आधारित आदानों के उपयोग को मृदा उत्पादकता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

पशुधन उत्पादकता बढ़ाने के लिए सामग्री का वितरण
कार्यक्रम की शुरुआत एससीएसपी परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ. पी.सी. जाट द्वारा स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने क्षेत्र में आजीविका सुरक्षा एवं संसाधन संरक्षण हेतु संचालित विभिन्न हस्तक्षेपों की जानकारी दी। इस अवसर पर किसानों को मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन तथा पशुधन उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक कृषि एवं सहायक सामग्री का वितरण भी किया गया। इस मेगा कार्यक्रम में लालढांग एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 400 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्षेत्र के पाँच ग्राम प्रधानों, स्थानीय तहसीलदार, कृषि विज्ञान केंद्र हरिद्वार के प्रभारी एवं वैज्ञानिकों सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम किसानों और वैज्ञानिकों के बीच ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच साबित हुआ।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में एससीएसपी योजना से जुड़े वैज्ञानिक डॉ. जगन सिंह गोरा, डॉ. रघुवीर सिंह एवं डॉ. कमलेश कुमार उपस्थित रहे। वित्त अधिकारी डी.के. वर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अमृत लाल मीणा द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. चन्द्रभानु ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की सफलता में प्रगतिशील किसान इन्द्रजीत सिंह के विशेष सहयोग की भी सराहना की गई।




