डीपीएस रानीपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विद्यार्थियों के साथ किया योगाभ्यास








Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर में 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में 1000 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत (सांसद, हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड) तथा विशिष्ट अतिथि आदेश चौहान (विधायक, रानीपुर विधानसभा क्षेत्र) रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए योग की महत्वता पर प्रकाश डाला तथा सभी को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में विशिष्ट अतिथि आदेश चौहान ने “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ विद्यार्थियों में उत्साह का संचार किया। उन्होंने सभी को प्रतिदिन योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्रप्रेम एवं सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का गौरवशाली इतिहास हजारों वर्षों पुराना है तथा योग की परंपरा महर्षि पतंजलि से प्रारम्भ होकर भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में पूरे विश्व में मनाया जा रहा है।

कहा कि आज योग केवल भारत ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्व में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का सबसे सरल, प्रभावी एवं सुलभ माध्यम बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की सलाह देते हुए कहा कि योग मन, शरीर और बुद्धि को संतुलित कर व्यक्ति के भीतर की नकारात्मकता को दूर करता है।

उन्होंने सूर्य नमस्कार के वैज्ञानिक महत्व पर भी प्रकाश डाला तथा सभी को प्रकृति के साथ जुड़कर स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग शरीर की सभी इन्द्रियों को सशक्त बनाता है। डीपीएस रानीपुर के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास करना उनके लिए अत्यंत सुखद एवं प्रेरणादायक अनुभव रहा।

इस अवसर पर प्रख्यात योगाचार्य योगी रजनीश एवं योगाचार्य मोहन जी ने उपस्थित प्रतिभागियों को योग की आधारभूत जानकारी प्रदान करते हुए विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि आदेश चौहान एवं प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर योगाभ्यास किया। विद्यार्थियों का उत्साह, ऊर्जा एवं सहभागिता देखते ही बन रही थी।

कार्यक्रम के अंत में मंच संचालक अशोक तिवारी एवं रिया शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।