न्यूज 127, चमोली।
पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चन्द्रकला तिवारी एवं महिला मोर्चा की सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर महिला सुरक्षा समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष चन्द्रकला तिवारी ने पुलिस अधीक्षक को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा जनपद में कानून-व्यवस्था एवं महिला सुरक्षा के क्षेत्र में चमोली पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
बैठक के दौरान महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, साइबर अपराधों से महिलाओं की सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बालिकाओं के प्रति जागरूकता तथा महिला हेल्पलाइन सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि चमोली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है तथा स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं अपने अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी उपायों के प्रति जागरूक हो सकें। इस दौरान कुंवर सिंह रावत, रश्मि रावत, योगिनी चरिता, आशा देवी, दीप्ति कोठियाल, कलावती पाठक व ज्योति मैठाणी मौजूद रहे।




