कुंभकर्णी नींद से जागा हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण, अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर










Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
श्यामपुर से भगवानपुर तक अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर कार्रवाई, कई निर्माण सील और ध्वस्त
लंबे समय से अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग को लेकर सवालों के घेरे में रहे हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने अब कार्रवाई का रुख तेज कर दिया है। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने हरिद्वार और भगवानपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर चल रहे अनधिकृत निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान निर्माण कार्यों को सील करने के साथ जेसीबी की मदद से अनधिकृत प्लॉटिंग एवं विकास कार्यों को ध्वस्त किया गया।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार न्यू गढ़वाली तड़का ढाबा के सामने, श्यामपुर-कागड़ी में हितबद्ध व्यक्ति द्वारा करीब 30×40 फीट क्षेत्र में भूतल पर निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह जियापोता से जमालपुर मार्ग, मंगल मूर्ति विहार, जमालपुर में मयंक शर्मा एवं मोहित शर्मा द्वारा करीब 35×45 फीट क्षेत्र में आरसीसी कॉलम खड़े करने का कार्य किया जा रहा था। दोनों मामलों में प्राधिकरण ने कार्रवाई की।

भगवानपुर में बीघों में फैल रही थी अवैध कॉलोनियों की जद

प्राधिकरण की कार्रवाई का दायरा भगवानपुर क्षेत्र तक भी पहुंचा। देहरादून मुख्य मार्ग, चौली शहाबुद्दीन में नदीम द्वारा करीब 6 से 8 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला सामने आया। वहीं अरोड़ा प्रॉपर्टी, छांगा माजरी में हेमकुमार भसीन द्वारा करीब 7 से 8 बीघा भूमि पर अनधिकृत कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा था।

इसके अलावा भगवानपुर टोल प्लाजा के निकट जोनी, संदीप एवं अन्य हितबद्ध व्यक्तियों द्वारा करीब 10 से 15 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने की शिकायत पर भी प्राधिकरण ने कार्रवाई की।

नोटिस के बावजूद निर्माण जारी, तब चला जेसीबी

प्राधिकरण के अनुसार सभी अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद योजित किए गए थे। स्थल पर निर्माण कार्य बंद करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद निर्माण जारी रहने पर प्राधिकरण की टीम ने सख्ती दिखाई।

टीम ने मौके पर पहुंचकर अनधिकृत निर्माणों को सील किया तथा जेसीबी की सहायता से अवैध प्लॉटिंग एवं विकास कार्यों को ध्वस्त किया। मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं को भविष्य में प्राधिकरण से स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

अवैध कॉलोनियों पर शिकंजा कसने का संकेत

हरिद्वार जिले में तेजी से बढ़ रही अनधिकृत कॉलोनियों और बिना स्वीकृति हो रहे निर्माणों को लेकर प्राधिकरण की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खासकर भगवानपुर, श्यामपुर और आसपास के क्षेत्रों में कृषि एवं अन्य भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनियां लंबे समय से चर्चा में रही हैं। ताजा कार्रवाई से संकेत है कि हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण अब अवैध निर्माणकर्ताओं के खिलाफ अभियान को और तेज करने की तैयारी में है।