अवैध निर्माण पर HRDA ने कसा शिकंजा, सील किए निर्माण, चलाया बुलडोजर










Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
एचआरडीए ने बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कार्य करने वालों पर शिकंजा कसा है। प्राधिकरण की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण कार्यों पर सील की कार्रवाई की है। जहां अवैध रूप से कालोनी विकसित की जा रही है वहां बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्राधिकरण द्वारा की जा रही है।
प्राधिकरण के अनुसार न्यू गढवाली तड़का ढाबा के सामने, श्यामपुर कागड़ी, जिला-हरिद्वार में हितबद्ध व्यक्ति द्वारा भूतल पर लगभग 30’ * 40’ की माप में निर्माण कार्य किया जा रहा है। जियापोता से जमालपुर मार्ग मंगल मूर्ति विहार जमालपुर हरिद्वार में मयंक शर्मा व मोहित शर्मा/हितबद्व व्यक्ति द्वारा भूतल पर लगभग 35′ * 45′ की माप में आर0सी0सी0 कालम खडे करने का कार्य किया जा रहा है।
देहरादून मुख्य मार्ग, चौली शहाबुद्धीन, तह०भगवानपुर, जिला-हरिद्वार में नदीम द्वारा लगभग 6 से 8 बीघा भूमि पर अवैध कालोनी का निर्माण किया जा रहा है। अरोड़ा प्रोप्रटी, छांगा माजरी, तहसील भगवानपुर, जिला-हरिद्वार में हेमकुमार भसीन पुत्र श्यामसुन्दर भसीन द्वारा लगभग 7 से 8 बीघा भूमि पर अवैध कालोनी का निर्माण किया जा रहा है। नियर टोल प्लाजा, भगवानपुर, जिला-हरिद्वार में जोनी, संदीप, हितबद्ध व्यक्ति द्वारा लगभग 10 से 15 बीघा भूमि पर अवैध कालोनी का निर्माण किया जा रहा है।
प्राधिकरण द्वारा उक्त सभी अनाधिकृत निर्माणों के विरूद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत कार्यवाही करते हुए वाद योजित किये गये है। स्थल पर निरंतर निर्देशों के बावजूद भी अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं द्वारा स्थल पर निर्माण कार्य बंद ना करने के कारण प्राधिकरण टीम द्वारा अवैध निर्माणों को सील तथा जेसीबी की सहायता से अनाधिकृत प्लाटिंग/विकास कार्याे को ध्वस्त किया गया तथा मौके पर उपस्थित अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं को स्वीकृत कराए बिना निर्माण कार्य ना किया जाने के लिए निर्देशित किया गया।