शेफील्ड विद्यालय में बॉब निबंध प्रतियोगिता और बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित










Listen to this article

न्यूज 127 , रुड़की।
बैंक ऑफ बड़ौदा के देहरादून क्षेत्र की ओर से 24 अगस्त 2026 को शेफील्ड विद्यालय, रुड़की में बॉब निबंध प्रतियोगिता एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 200 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

साइबर अपराध और कृत्रिम बुद्धिमत्ता बने निबंध प्रतियोगिता के विषय
निबंध प्रतियोगिता में ‘साइबर अपराध : बचाव एवं चुनौतियां’ तथा ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ जैसे समसामयिक विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते खतरे, डिजिटल सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बदलते स्वरूप से अवगत कराया गया।

बैंकिंग उत्पादों और साइबर धोखाधड़ी से बचाव की दी जानकारी
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा की आर्यनगर शाखा से शाखा प्रमुख संकेत सिंह एवं किरन सैनी ने विद्यार्थियों को विभिन्न बैंकिंग उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानियों तथा साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपायों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक या कॉल से सतर्क रहें।

विजेता विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
निबंध प्रतियोगिता के समापन के बाद दिनेश कुमार शर्मा, निदेशक, शेफील्ड विद्यालय एवं रुचि रावत, प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और वित्तीय जागरूकता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने के साथ उन्हें डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के आयोजन में बैंक ऑफ बड़ौदा के देहरादून क्षेत्र तथा विद्यालय प्रबंधन का सहयोग रहा।