आचार्य बालकृष्ण ने दिया आशीर्वाद, स्कूल में उत्साह
हरिद्वार।
खेल प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर के चार होनहार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। विद्यालय के तीन छात्रों और एक छात्रा का चयन 51वीं सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 27 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक विजयवाड़ा, आंध्र प्रदेश में खेली जाएगी।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में आदित्य ममगैन (कक्षा 9), तेजस शर्मा (कक्षा 7), पीयूष बिष्ट (कक्षा 7) और मुकुंदा घिल्डियाल (कक्षा 8) शामिल हैं। चारों खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन, निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जगह बनाई है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ हरिद्वार के खेल जगत में भी खुशी का माहौल है।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ियों ने पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण से आशीर्वाद प्राप्त किया। आचार्य बालकृष्ण ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चारों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के शिक्षकों और सहपाठियों ने भी चयनित खिलाड़ियों तथा उनके बास्केटबॉल कोच को बधाई दी। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि राष्ट्रीय मंच पर ये युवा खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से डीएवी जगजीतपुर, हरिद्वार और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।


