ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ₹1.77 करोड़ की ठगी करने वाले को राजस्थान से दबोचा




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के जरिए कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से ₹1.77 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को उत्तराखण्ड एसटीएफ ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के बैंक खाते में महज चार महीने के भीतर लगभग ₹95 लाख का संदिग्ध लेन-देन प्रकाश में आया है।

मामला जनपद हरिद्वार के एक निवासी से जुड़ा है। पीड़ित ने यूट्यूब पर ‘Winadda’ नामक ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट का विज्ञापन देखा था। इसके बाद अज्ञात साइबर ठगों ने WhatsApp पर विभिन्न लिंक भेजकर उनसे संपर्क किया और कम निवेश पर बड़े मुनाफे का लालच दिया। ठगों के झांसे में आकर पीड़ित ने वर्ष 2025 के दौरान कुल ₹1,77,53,960 का ऑनलाइन भुगतान कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, देहरादून में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर धारा 318(4), 61(2) BNS तथा 66D IT Act के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखण्ड के निर्देशों पर निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन का गहन विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि ठगी गई रकम में से करीब ₹14 लाख राजस्थान के एक बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। साक्ष्यों के आधार पर एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर (41 वर्ष), पुत्र मदन लाल, निवासी वार्ड नं.-05, ऊंचा मगर बास, थाना लाडनूं, जनपद डीडवाना-कुचामन (राजस्थान) को उसके निवास क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

उत्तराखण्ड एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि वे ऑनलाइन गेमिंग या आकर्षक निवेश के विज्ञापनों और अज्ञात लिंक से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध लेन-देन से पहले सत्यता की जांच जरूर करें और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।