न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और जिलाधिकारी (डीएम) मेरठ ने पुलिस लाइन्स सभागार में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों तथा शांति समिति के सदस्यों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक के दौरान आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत जिले भर में कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने उपस्थित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पैनी नजर रखने और प्रभावी गश्त व सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। अधिकारियों को यह भी हिदायत दी गई कि वे स्थानीय स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का समय रहते आकलन करें और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूर्व में ही समुचित कार्यवाही सुनिश्चित करें।
बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों एवं सम्भ्रांत नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए एसएसपी और डीएम ने उनसे आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
एसएसपी और डीएम मेरठ ने स्पष्ट किया कि त्यौहारों के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए ताकि आमजन बिना किसी भय के त्यौहार मना सकें।


