न्यूज 127, मेरठ (जोजो):
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार, प्रदेशभर में पुलिस सहयोग और अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण सहभागिता निभाने वाले लगभग 60,000 ग्राम प्रहरियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में जनपद मेरठ के रिजर्व पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम हॉल में भव्य ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) मेरठ रेंज, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मेरठ, जिलाधिकारी (DM) मेरठ और अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान अतिथियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांति स्थापित करने और पुलिस को सहयोग देने में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों से सीधा संवाद किया और उनके कार्यों एवं दायित्वों पर चर्चा करते हुए उन्हें पुलिस और आमजन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
साथ ही, लखनऊ में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किए जाने वाले मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रहरियों को दिखाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्राम प्रहरी तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


