न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच खानपुर से भाजपा के निवर्तमान विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने लंढौरा स्थित ऐतिहासिक रंगमहल में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में बड़ा चुनावी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह खानपुर और लक्सर, दोनों विधानसभा सीटों से भाजपा का टिकट मांगेंगे। उनके इस बयान के बाद जिले की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बैठक में विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक पहुंचे। चैंपियन ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में अपनी दावेदारी पेश करते हुए क्षेत्रीय विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता बढ़ाने की जरूरत बताई। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया और दल्लावाला कन्या डिग्री कॉलेज की मंजूरी का भी जिक्र किया।
चैंपियन ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ गया है। उन्होंने सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने पर जोर दिया। उनका कहना था कि विभिन्न समुदायों के लोग उनसे अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा रखते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह भाजपा में हैं और खानपुर तथा लक्सर, दोनों सीटों से पार्टी का टिकट मांगेंगे। हालांकि, टिकट देने का अंतिम निर्णय भाजपा नेतृत्व को ही करना है। ऐसे में उनकी दो सीटों पर दावेदारी की घोषणा को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हरिद्वार जिले की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
रानी देवयानी ने भी ठोकी दावेदारी
कार्यकर्ता बैठक में रानी देवयानी ने भी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू करने और भाजपा से टिकट मांगने की बात कही। उन्होंने बताया कि बैठक में कार्यकर्ताओं से भविष्य की योजनाओं और चुनावी रणनीति को लेकर सुझाव लिए गए। उनकी दावेदारी के सामने आने से क्षेत्र में भाजपा के टिकट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज होने की संभावना है।


