न्यूज 127, मेरठ (जोजो) :
जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना भावनपुर, थाना इंचौली और स्वाट टीम देहात की संयुक्त कार्रवाई में एक अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पांच कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित हथियार और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस टीम पर की थी फायरिंग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सदर देहात के पर्यवेक्षण में थाना भावनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लू-बक्सर मोड़ के पास दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध तमंचों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर दोनों बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने त्वरित और साहसिक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों सलीमुद्दीन (पुत्र रज्जाक) और संतरपाल (पुत्र बोदल सिंह) को घेरकर दबोच लिया। इनके पास से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद हुए।
आशियाना कॉलोनी में चल रही थी अवैध फैक्ट्री
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर थाना भावनपुर, थाना इंचौली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से थाना इंचौली क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी स्थित एक मकान पर दबिश दी। यहां मकान के पिछले कमरे में अवैध शस्त्रों का निर्माण किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से तीन अन्य अभियुक्तों मेहराजुद्दीन, सारून और राशिद को गिरफ्तार किया।
भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद
संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 6 निर्मित तमंचे (.315 बोर), 11 अर्धनिर्मित तमंचे, 4 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस तथा अवैध शस्त्र बनाने में प्रयुक्त होने वाले भारी मात्रा में उपकरण और कच्चा माल बरामद किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
- सलीमुद्दीन (उम्र 50 वर्ष), निवासी अहमदनगर बड़ला, थाना किला परीक्षितगढ़।
- संतरपाल (उम्र 55 वर्ष), निवासी मुबारिकपुर, थाना भावनपुर।
- मेहराजुद्दीन (उम्र 50 वर्ष), निवासी अहमदनगर बड़ला, हाल निवासी आशियाना कॉलोनी, थाना इंचौली।
- सारून (उम्र 55 वर्ष), निवासी ग्राम जई, थाना भावनपुर।
- राशिद (उम्र 24 वर्ष), निवासी अहमदनगर बड़ला, हाल निवासी आशियाना कॉलोनी, थाना इंचौली।
वैधानिक कार्रवाई जारी
इस मामले में थाना भावनपुर पर मु0अ0सं0 403/2026, धारा 109(1)/111(1) बीएनएस तथा 3/25/27(1) व 3/5बी/7/25 आयुध अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने सभी पांचों अभियुक्तों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली संयुक्त पुलिस और स्वाट टीम की क्षेत्र में सराहना हो रही है।


