न्यूज 127, पौड़ी।
उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को पौड़ी जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में राज्योत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया।
समारोह में सूचना विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। इस दौरान बाल विकास विभाग के पांच लाभार्थियों को किशोरी किट तथा समाज कल्याण विभाग की ओर से सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों की लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की छटा बिखेरी। स्थापना दिवस पर जनपद की ग्राम पंचायतों में व्यापक सफाई अभियान भी चलाया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन लंबे संघर्ष, जनआंदोलन और राज्य आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। मुजफ्फरनगर कांड जैसी घटनाएं राज्य आंदोलन के इतिहास का ऐसा अध्याय हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। आंदोलनकारियों के संघर्ष और जनसहभागिता के कारण ही पृथक राज्य का सपना साकार हुआ।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने शिक्षा, साक्षरता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी से आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से संभव हुआ है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं और आम जनमानस की भूमिका हमेशा स्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक न्याय पंचायत और विकासखंड स्तर पर राज्योत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और जनता की एकजुटता का परिणाम है। उनके सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पौड़ी में पर्यटन की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्य आंदोलनकारी बीरा भंडारी ने भी राज्य निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया। उन्होंने युवा पीढ़ी को राज्य आंदोलन के इतिहास और आंदोलनकारियों के योगदान से परिचित कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी, डीएफओ महातिम यादव, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेघना असवाल, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, परियोजना निदेशक विवेक कुमार उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पूर्व विधायक मुकेश कोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।


