रिकॉर्ड में दर्ज 15 दांतों में से मौके पर मिले केवल 10
पथ प्रवाह, देहरादून।
लालढांग वन रेंज के स्टोर से पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो रेंजरों को निलंबित कर दिया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर रेंजर अनुराग जोशी और प्रभारी रेंजर भगवत प्रसाद पर निलंबन की गाज गिरी है। डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में हुई विभागीय जांच में रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की लापरवाही सामने आई है। सीसीएफ एचआरडी पीके पात्रो ने दोनों रेंजरों के निलंबन की पुष्टि की है।
दरअसल, लालढांग रेंज के स्टोर में हाथियों के 15 दांत सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज थे, लेकिन जब विभागीय स्तर पर भौतिक सत्यापन किया गया तो मौके पर केवल 10 दांत ही मिले। शेष पांच दांत गायब पाए गए। सरकारी अभिलेखों और मौके पर उपलब्ध सामग्री में अंतर सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने जांच शुरू कराई और यमकेश्वर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई।
हाल ही में डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में संपन्न हुई विभागीय जांच में स्टोर में रखे हाथी दांतों के रिकॉर्ड, सुरक्षा और रखरखाव में गंभीर अनियमितताएं एवं लापरवाही उजागर हुई। जांच रिपोर्ट में रेंजर, प्रभारी रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो रेंजरों को निलंबित कर दिया।
इस घटना ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथी दांत वन्यजीव अपराधों से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण साक्ष्य होते हैं। ऐसे में सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज हाथी दांतों का विभागीय स्टोर से गायब होना महज लापरवाही नहीं, बल्कि वन विभाग की आंतरिक व्यवस्था पर भी सवालिया निशान है।
हालांकि, दो रेंजरों के निलंबन के बाद भी इस मामले के कई अहम पहलू सामने आने बाकी हैं। आखिर पांच हाथी दांत कहां गए? उनके गायब होने के पीछे किसकी भूमिका रही और उनका कुल वजन कितना था? इन सवालों के जवाब अभी स्पष्ट नहीं हैं। अब देखना होगा कि आगे की जांच में क्या खुलासे होते हैं और इस मामले में अन्य जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होती है या नहीं।


