उत्तराखंड में आईएएस के बाद अब आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की तैयारी




Listen to this article

कई जिलों के पुलिस कप्तानों सहित शासन स्तर पर हो सकता है बड़ा फेरबदल, जल्द जारी हो सकती है तबादला सूची

देहरादून।
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में फेरबदल की कवायद तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के संभावित तबादलों के बाद अब आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची तैयार किए जाने की चर्चा है।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस विभाग में भी बड़े स्तर पर बदलाव किया जा सकता है। इसमें कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के कार्यक्षेत्र में बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल हो सकता है।

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए शासन और पुलिस मुख्यालय स्तर पर अधिकारियों की तैनाती को लेकर मंथन किए जाने की चर्चाएं हैं। हालांकि, अभी तक आईपीएस अधिकारियों के तबादलों को लेकर शासन की ओर से कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।

प्रशासनिक और पुलिस महकमे में संभावित फेरबदल को लेकर अब शासन के अगले कदम पर निगाहें टिकी हैं।