युवाओं में जोश भरा और दिल जीत गए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बोला आप हो मुख्यमंत्री




Listen to this article


नवीन चौहान
उत्तराखंड के नव नियुक्त मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हरिद्वार का पहला दौरा युवा भाजपाईयों के नाम रहा। हरिद्वार की सीमा में प्रवेश करते हुए भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हरजीत सिंह के नेतृत्व में सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार तरीके से पुष्कर सिंह धामी का स्वागत किया। हरकी पैड़ी पहुंचे तो कन्हैया खेबडिया के नेतृत्व में जबरदस्त तरीके से पुष्पवर्षा की गई। भाजपा कार्यालय पर तो युवा भाजपाईयों का हजूम उमड़ गया। पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद के नारे सुनाई दिए। पटाखे फोड़े गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को ही मुख्यमंत्री बताया। कहा कि वह तो मुख्य सेवक है। कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है।
युवा भाजपाईयों की भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आत्मविश्वास चरम पर दिखाई दिया। भीषण गर्मी और पसीने से तर— बतर और सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के बीच में भी वह आनंद महसूस करते दिखे। उनके चेहरे पर मुस्कान थी। आवाज में बुलंदी दिखाई दी। जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा कार्यालय पहुंचे तो वहां की बिजली गुल हो गई। माइक बंद हो गया। लेकिन मुख्यमंत्री ने जबरदस्त आत्मविश्वास के साथ बिना माइक के ही बोलना शुरू किया। कार्यकर्ताओं के शोरगुल को भी शालीनता से शांत ​कराया और अपना संबोधन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह आपके बीच में आपके जैसे ही सामान्य कार्यकर्ता है। संगठन ने उनको दायित्व दिया है तो वह मुख्य सेवक के रूप में अपने जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। आप सभी खुद को मुख्यमंत्री ही मानो। आपके सम्मान में कोई कमी नही होगी। नौकरशाही की मनमानियों पर अंकुश होगा। अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से जुड़ा एक वाक्या भी बताया। किस प्रकार मुख्यमंत्री की कुर्सी से उतरते ही अफसर तीरथ सिंह रावत के सम्मान में खड़े नही हुए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वह अपना काम जिम्मेदारी और ईमानदारी से करें। जनता की समस्याओं का निस्तारण करे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चेहरे में मुस्कराहट और आत्मविश्वास का भाव साफ दिखाई दिया। कोरोना संक्रमण के खतरे को दरकिनार करते हुए मुख्यमंत्री अपने सभी कार्यकर्ताओं से गर्मजोशी से मिले। जिसके बाद कार्यकर्ताओं के चेहरे पर भी खुशी साफ दिखाई दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, केबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानंद, रेखा आर्य, विधायक आदेश चौहान, प्रणव सिंह चैंपियन, जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील चौहान और मंच संचालन विकास तिवारी ने किया।