बर्फबारी में वाहन पर गिरा पेड़, अल्मोड़ा पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाए यात्री




Listen to this article

नवीन चौहान.
लमगड़ा क्षेत्र में भारी बर्फबारी में एक वाहन के ऊपर पेड़ टूटकर गिर पड़ा। वाहन में यात्री भी सवार थे। सूचना मिलने पर लमगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्यवाही कर पेड़ काटकर यात्रियों को सकुशल रेस्क्यू किया। दूसरी ओर जाम में फंसे वाहनों को निकालने के लिए भी अल्मोड़ा पुलिस मुस्तैदी से जुटी है।

जनपद में भारी बर्फबारी के कारण डॉ मंजूनाथ टीसी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा सभी थाना/चौकी प्रभारियों को अलर्ट मोड में रहने व फंसे हुए हर यात्री की मदद करने के निर्देश दिये गये हैं, जिसके क्रम में अल्मोड़ा पुलिस द्वारा अपने अपने क्षेत्र में फॅसे हुए लोगों की तुरंत मदद की जा रही है।

शुक्रवार को भी लमगड़ा क्षेत्र में भारी बर्फबारी जारी है, इस बीच लमगड़ा से शहरफाटक की तरफ यात्रियों को लेकर जा रहे एक वाहन पर अचानक देवदार का पेड़ टूटकर गिर गया जिस कारण उक्त वाहन में यात्री फंस गये।

सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए लगमड़ा थानाध्यक्ष जसविंदर सिंह पुलिस टीम तथा SDRF टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पेड़ को काटकर यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

दूसरी ओर अत्यधिक बर्फबारी के कारण दिनांक 03/02/2022 की सायं सैल बैण्ड में वाहन से जाम लगने के कारण थानाध्यक्ष महिला थाना बरखा कन्याल द्वारा का0 नारायण सिंह, म0का0 सीमा के साथ मौके पर जाकर जाम खुलवाकर यातायात को सुचारू किया गया।