नवीन चौहान.
प्रदेश में जनता ने खुलकर भाजपा को वोट दिया। इसके पीछे की वजह प्रदेश में पांच साल तक रहे सुशासन और डबल इंजन की सरकार द्वारा कराए गए कार्य रहे। यह कहना है कि प्रदेश के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत का।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने न्यूज 127 से बातचीत में बताया कि जनता का प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद मिला जिस वजह से भाजपा दोबारा सत्ता में आयी। यह एक चुनौती थी भाजपा के सामने, लेकिन भाजपा जनता की कसौटी पर खरा उतर कर दिखाने में कामयाब रही। प्रदेश की जनता ने देखा कि भाजपा ने पिछले पांच साल में रिकार्ड कार्य कराये।
बताया कि डेढ़ लाख करोड़ रूपये की केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से प्रदेश में कार्य कराए गए। पहाड़ के हर क्षेत्र में कार्य हुआ। शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य हुए। प्रदेश में स्ट्रक्टचर भी मजबूत हुए। यह सब प्रदेश की जनता ने देखा और महसूस किया।
त्रिवेंद्र सिंह ने बताया कि जब वह सीएम थे तो उन्होंने इंवेस्टमेंट समिट का आयोजन किया। इस समिट के माध्यम से करीब 800 करोड़ का इंवेस्टमेंट पहाड़ में हुआ, ऐसा प्रदेश में पहली बार हुआ। ग्रोथ सेंटर, अटल आदर्श विद्यालय समेत कई महत्वपूर्ण प्रयास हुए जिन्हें जनता ने सराहा और अपना वोट देकर फिर से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का मौका दिया। इसका परिणाम ही जीत के रूप में देखने को मिला।
कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने पहले दिन से ही जीरो टोलरेंस की नीति पर काम किया। भ्रष्टाचार मुक्त शासन देकर यह साबित कर दिया कि जनता के हितों की यदि किसी को चिंता है तो वह भाजपा सरकार ही है। त्रिवेंद्र ने कहा कि जनता ने सुशासन को वोट दिया। एक सवाल के जवाब में कहा कि वह पार्टी के कार्यकर्ता है और कार्यकर्ता के रूप में वह अपना काम पूरी निष्ठा के साथ जारी रखेंगे।