नवीन चौहान.
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जौनपुर जिले के बोधापुर गांव निवासी भाजपा के किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रमोद यादव (55) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मौजूदा समय में वह भाजपा संगठन के जिला महामंत्री थे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। भाजपा नेता की हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस टीम आनन-फानन मौके पर पहुंची और छानबीन कर रही है। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता के पिता की भी करीब 44 साल पहले गोली मारकर हत्या की गई थी।
हमलावरों ने उनके घर के बाहर ही गोली मारी। उन्हें तीन गोली मारी गई, परिजन घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमलावर मौके पर अपनी बाइक छोड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। हमलावरों की तलाश में पुलिस जुटी है।