न्यूज 127. हरिद्वार।
आज गंगा दशहरा पर हर की पैड़ी हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं का हर की पैड़ी पर आने का सिलसिला जारी है। पुलिस प्रशासन के मुताबिक सुबह करीब 16 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। गंगा दशहरा के दिन गंगा में स्नान करने से मनुष्य के 10 पाप नष्ट हो जाते हैं, ऐसी मान्यता है। गंगा दशहरे में गंगा में आस्था की पवित्र पावन डुबकी लगाने से मिलने वाला फल कई गुना बढ़ जाता है।
गंगा दशहरा का पर्व मां गंगा के स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरण के दिन मनाया जाता है मां गंगा ब्रह्मा जी के कमंडल से होती हुई भगवान विष्णु के चरणों को स्पर्श करते हुए भगवान शिव की जटाओं से पृथ्वी लोक पर ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि के दिन अवतरित हुई थी और इस पवित्र पावन दिन को गंगा दशहरा के रूप में मनाया जाता है जो सबसे पुण्य दिन माना जाता है।इस दिन गंगा नदी में स्नान और दान-पुण्य करने से साधक के सभी ज्ञात-अज्ञात पाप धुल जाते हैं और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है। पूरा मेला क्षेत्र मां गंगा के जयकारों से गूंज रहा है। मेला क्षेत्र की सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर स्वयं भीड़ पर नजर बनाए हुए है। यातायात को सुगम बनाने के लिए सुबह से ही पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात हैं।
गंगा दशहरा पर मोक्षदायिनी में डुबकी लगाने के लिए हर की पैड़ी पर उमड़ा में आस्था का सैलाब




