मोक्ष धाम भजनानंद आश्रम को बेचने की कोशिश का आरोप, 71 लाख रुपये बयाने में लेने का दावा




Listen to this article

फर्जी ट्रस्ट बनाकर करोड़ों में आश्रम का सौदा करने का आरोप, ट्रस्ट अध्यक्ष भगत ऋषि राम ने दी कानूनी कार्रवाई की जानकारी

News127हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार की मुखिया गली स्थित मोक्ष धाम भजनानंद आश्रम को लेकर विवाद गहरा गया है। आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष भगत ऋषि राम ने एक व्यक्ति पर कथित रूप से फर्जी ट्रस्ट गठित कर आश्रम को बेचने का प्रयास करने और करोड़ों रुपये में सौदा करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि आश्रम के सौदे के एवज में करीब 71 लाख रुपये बतौर बयाना भी लिए जा चुके हैं।

प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भगत ऋषि राम ने बताया कि वर्ष 2021 में आश्रम के तत्कालीन अध्यक्ष एवं उनके गुरु अमरदेव महाराज ने उन्हें ट्रस्ट का अध्यक्ष नियुक्त किया था। तभी से वह इस जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अमरदेव महाराज काफी समय पहले साहिल उर्फ गोपाल हरि निवासी गांव पटवा, रोहतक (हरियाणा) को आश्रम लेकर आए थे। उस समय वह बच्चा था। भगत ऋषि राम के अनुसार, अमरदेव महाराज ने उसे अपना शिष्य नहीं बनाया था। हालांकि आश्रम में रहने के कारण महाराज के निधन के बाद देखभाल के उद्देश्य से उसे दो कमरे दिए गए थे।

सात सदस्यों का अलग ट्रस्ट बनाने का आरोप

भगत ऋषि राम ने आरोप लगाया कि इसी बीच गोपाल हरि ने आश्रम को बेचने की कोशिश शुरू कर दी और आश्रम के नाम से अलग ट्रस्ट गठित कर लिया। कथित ट्रस्ट में सात सदस्य बनाए गए। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी उन्हें तब मिली, जब कथित ट्रस्ट की गतिविधियों से जुड़े एक व्यक्ति का उसके पड़ोसी हरीश के साथ लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद हरीश ने उन्हें आश्रम से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी।

71 लाख रुपये बयाना लेने का दावा

ट्रस्ट अध्यक्ष ने दावा किया कि आश्रम का करोड़ों रुपये में सौदा किया गया है और इसके एवज में गोपाल हरि करीब 71 लाख रुपये बयाने के रूप में ले चुका है। उन्होंने कहा कि उनके पास अपने आरोपों के समर्थन में साक्ष्य मौजूद हैं और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

भगत ऋषि राम ने सरकार से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और आश्रम की संपत्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। साथ ही लोगों से इस तरह की गतिविधियों से सावधान रहने की अपील की।

पत्रकार वार्ता में आश्रम ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राकेश सेठी और अशोक शर्मा भी मौजूद रहे।