फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र की अस्थियां गंगा में विसर्जित, गोपनीय कार्यक्रम




Listen to this article


न्यूज127
दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र की अस्थियों का बुधवार सुबह हरिद्वार में गंगा नदी में विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। अभिनेता के दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने पूरी धार्मिक परंपराओं के साथ पितृ कर्म पूरी की।

अस्थि विसर्जन कार्यक्रम को पूरी तरह गोपनीय रखा गया। मीडिया को इसकी कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई और न ही परिवार की ओर से किसी प्रकार की बातचीत या तस्वीरें साझा की गईं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, परिवार ने श्रवण नाथ नगर स्थित एक निजी होटल के घाट पर पहुंचकर शांतिपूर्वक गंगा में अस्थियां प्रवाहित कीं।

पूरे अनुष्ठान के दौरान घाट पर सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष प्रबंध किया गया था। अनुष्ठान पूर्ण होते ही देओल परिवार तुरंत एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गया।

गौरतलब है कि हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर को मुंबई में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद देशभर में फिल्म जगत और प्रशंसकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। हरिद्वार में आयोजित यह अंतिम संस्कार संस्कार उनकी पारिवारिक परंपराओं के अनुसार सम्पन्न किया गया।

धर्मेंद्र की अस्थियों का गंगा में विसर्जन उनके प्रति अंतिम श्रद्धांजलि का प्रतीक रहा, जिसमें परिवार ने पूरे सम्मान और मौन के साथ अपने प्रियजन को विदाई दी।