भाजपा के जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा की नई टीम में होगे पुराने चेहरे




Listen to this article


न्यूज127
भाजपा के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा का हरिद्वार की राजनीति में कद बढ़ गया है। संगठन के विभिन्न पदों पर कार्य करने का अनुभव और पार्टी में लगातार सक्रियता के चलते उनको प्रदेश नेतृत्व का भरपूर आशीर्वाद मिला। पूर्व केबिनेट मंत्री व नगर विधायक मदन कौशिक और पूर्व केबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का भी उनको जबरदस्त साथ मिला। जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक का दुलार भी खूब मिला। जिसके चलते आशुतोष शर्मा को जिलाध्यक्ष की कुर्सी तक का राजनैतिक सफर आसानी से पूरा हो गया।
लेकिन जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के बाद आशुतोष शर्मा को साल 2027 में पांच विधानसभा चुनावों की अग्निपरीक्षा से गुजरना होगा। इसी के साथ अपनी दावेदारी को दरकिनार करते हुए भाजपा के पांच विधानसभा के प्रत्याशियों को जिताकर अपनी काबलियत को साबित करना होगा। आशुतोष शर्मा की इस चुनौती का जिक्र प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने भी किया था। उन्होंने कहा था कि साल 2027 के विधानसभा चुनावों में आशुतोष शर्मा के कुशल नेतृत्व का लाभ पार्टी को मिलेगा। हालांकि इन पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा तीन में बेहद मजबूत स्थिति में है। जबकि दो विधानसभा में उनको चुनौती रहेगी।
आशुतोष शर्मा का व्यक्तित्व
भाजपा के जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा मृदुभाषी होने के साथ संगठन की रीति नीतियों की पूरी समझ रखते है। राजनीति के तमाम जोड़— तोड़ और गुणा— भाग में माहिर है। संगठन में सभी को जोड़कर रखना और साधकर चलने की खूबियां उनमें समाहित है। अपनी वाणी से सभी का ध्यान आकर्षित करने की कला है। छात्र जीवन से सक्रिय रहे और भाजपा में संगठन की एक—एक सीढ़ियां चलते हुए जिलाध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचे।
जिलाध्यक्ष की टीम
जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा की टीम उनकी काबलियत को दशायेगी। उनको अपनी टीम में उपाध्यक्ष,महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी और कार्यालय प्रभारी के दायित्व देने है। उनको भाजपा के ऊर्जावान और संगठन के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपनी है। ऐसे में तमाम वरिष्ठ नेताओं के नजदी​की कार्यकर्ताओं को भी टीम में शामिल करना होगा। जिसके बाद वह संगठन के कार्यो को आगे बढ़ायेगे।
प्रदेश नेतृत्व का आभार
जिलाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद आशुतोष शर्मा के द्वारा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद ज्ञापित करने का सिलसिला जारी है। प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, संगठन महामंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, मेयर, सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं, संतों से मिलने आशीर्वाद और मार्गदर्शन लेने में लगे है।