केंद्रीय मंत्री के बेटे की पिस्टल से चली गोली से भाजपा कार्यकर्ता की मौत




Listen to this article

नवीन चौहान.
केंद्रीय मंत्री कौशल किशोेर के घर के अंदर एक भाजपा कार्यकर्ता की गोली लगने से मौत हो गई। बताया गया कि जिस पिस्टल से गोली चली वह मंत्री के बेटे की है। मृतक की पहचान विनय श्रीवास्तव के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या किये जाने का आरोप लगाया है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। मौके पर फोरेंसिक की टीम भी बुलायी गई है। मृतक के परिजनों ने छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, इनमें से तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं मंत्री कौशल किशोर ने कहा है कि घटना के वक्त उनका बेटा यहां मौजूद ही नहीं था वह दिल्ली में था। जांच में सब सच सामने आएगा।

मामला ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बेगरिया का है। शुक्रवार की सुबह तड़के चार बजे केंद्रीय मंत्री के बेटे के घर में भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की गोली लगने से मौत हो गई। विनय श्रीवास्तव के परिजनों ने लिखित तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि विनय की मौत केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के पुत्र विकास किशोर की पिस्टल से हुई है। ठाकुरगंज दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची है। विनय श्रीवास्तव केंद्रीय मंत्री के बेटे का करीबी था। बताया जा रहा है कि जिस समय गोली चली है उस समय घर में कई और लोग भी मौजूद थे।

वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने तहरीर दी है। जांच के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। गोली कैसे चली इसका पता लगाया जा रहा है। वहीं इस मामले में केंद्रीय मंत्री का कहना है कि पुलिस कमिश्नर को सूचना दी गई, पुलिस अपनी जांच पड़ताल कर रही है। घटना के वक्त उनका बेटा दिल्ली में था। जांच में सब सच सामने आएगा।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *