मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने युवाओं से किया संवाद, बोले- बदलती तकनीक के अनुरूप ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा






Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद कर युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने पलायन, रोजगार, उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में रोजगार की संभावनाओं और देहरादून में बढ़ती यातायात जाम की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे।

पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और सौर स्वरोजगार योजना के साथ पर्यटन, उद्योग एवं फिल्म नीति के माध्यम से विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाकर स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने पर भी सरकार का विशेष ध्यान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत बनाने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इससे प्रदेश में विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे तथा युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

विज्ञान, तकनीक और एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच रोजगार की संभावनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ रोजगार का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। इसके साथ ही युवाओं के लिए नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को लगातार विकसित करें और स्वयं को ‘फ्यूचर रेडी’ बनाएं। सरकार भी युवाओं को आधुनिक कौशल और नई तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

देहरादून में यातायात जाम की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इसके स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार की क्षमता उत्तराखंड के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य की विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बनाया जाए।