शिवालिकनगर पालिका के चार नामित सभासदों ने ली शपथ, विकास कार्यों को गति देने में सहयोग का आह्वान




Listen to this article

न्यूज 127, शिवालिकनगर/हरिद्वार।
नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के नवनियुक्त नामित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह सामुदायिक केंद्र में आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने नवनियुक्त सभासद पंकज चौहान, अवधेश राय, लज्जे राम शर्मा और सरिता नेगी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने नवनियुक्त सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि शिवालिक नगर में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार आगे बढ़ रही है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, नाली, पार्क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता सहित जनहित से जुड़े कार्य कराए गए हैं, जबकि कई विकास कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी के सहयोग से काम किया जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने भी नवनियुक्त सभासदों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शिवालिक नगर में विकास कार्यों को गति मिली है। सड़क, पेयजल, पार्क, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े कार्य लगातार कराए जा रहे हैं।

समारोह में अधिशासी अधिकारी तारिक खान, नगर पालिका के कर्मचारी, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, सभासद, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने नवनियुक्त सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।