मेरठ में कोरोना पॉजिटिव भाजपा नेता के पिता की इलाज के दौरान मौत




संजीव शर्मा
मेरठ। यूपी के मेरठ में कोरोना पॉजिटिव मरीज की देर रात मौत हो गई। यह व्यक्ति भाजपा नेता का पिता था। जांच में भाजपा नेता और उसका भाई भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों भाईयों का कोरोना वार्ड में इलाज किया जा रहा है। देर रात हुई मौत से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है। मेरठ में कोरोना से यह चौथी मौत है।

जानकारी के अनुसार भाजपा नेता के पिता को गंभीर हालत में 21 अप्रैल को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले वह प्राइवेट में ही अपना इलाज करा रहे थे। जांच के ​दौरान उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर कोरोना वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक वह डायबिटीज के मरीज भी थे। जिला ​सर्विलांस अधिकारी डॉ विश्वास चौधरी ने बताया कि वह पिछले एक महीने से बुखार से पीड़ित थे। उनका यहां इलाज शुरू किया गया था, लेकिन एक दिन पहले उनकी तबियत अधिक खराब होने लगी। मेडिकल टीम ने देर रात करीब 10 बजे उनकी मौत होने की जानकारी दी।

भाजपा नेता के पिता की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और अधिक अलर्ट हो गया है। भाजपा नेता के संपर्क में आने वाले लोगों को चिन्हित कर क्वारेंटाइन किया जा रहा है। सबसे अधिक नजदीकी महानगर अध्यक्ष और उनके परिवार को स्वास्थ्य विभाग ने क्वारेंटाइन सेंटर में भर्ती किया है। हालांकि इनकी रिपोर्ट निगेटिव आयी है।

मेरठ में कोरोना संक्रमण से अब तक चार मौत हो चुकी हैं। अभी तक कोरोना पॉजिटिव के 86 मामले सामने आए जिनमें से 30 मरीज ठीक होने पर उन्हें अस्पताल से छुटटी दे दी गई है। अस्पताल से छुटटी के बाद भी ठीक हुए मरीजों को 14 दिन होम क्वारेंटाइन किया गया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *