नवीन चौहान.
शराब घोटाला मामले में ईडी द्वारा गुरुवार देर शाम दो घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किये गए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को आज कोर्ट में पेश किया गया जाएगा। वहीं दूरी ओर आम आदमी पार्टी इस गिरफ्तारी का विरोध कर रही है।
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी आज देशभर में प्रदर्शन करने वाली है। ईडी केजरीवाल को आज PMLA कोर्ट में पेश करेगी। वहीं दूसरी ओर दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘मैं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, एमके स्टालिन, अखिलेश यादव सहित सभी विपक्षी नेताओं को केजरीवाल जी के प्रति दिखाए गए प्यार के लिए धन्यवाद देता हूं। केजरीवाल के साथ जो किया जा रहा है वह अन्याय है। यह एक राजनीतिक पार्टी को खत्म करने की कोशिश है। हमारे कानूनी विशेषज्ञ अगली कार्रवाई पर काम कर रहे हैं। हमारे पार्टी कार्यालय को छावनी में बदल दिया गया है, आईटीओ मेट्रो स्टेशन बंद कर दिया गया है। क्या कोई आदर्श आचार संहिता लागू है? चुनाव आयोग क्या कर रहा है?’
ईडी ने देर शाम सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर पूछताछ के बाद करीब नौ बजे उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार करने के बाद उन्हें ईडी कार्यालय में रखा गया।यहां लाए जाने पर उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। अब कोर्ट में पेश करने से पहले भी ईडी अरविंद केजरीवाल का मेडिकल परीक्षण कराएगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहले ऐसे सीएम बन गए हैं जो कुर्सी पर रहते हुए गिरफ्तार हुए हैं।