न्यूज 127, चंबा।
कार्मल स्कूल चंबा के प्रधानाचार्य फादर बीन्नो के स्थानांतरण पर विद्यालय परिसर में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने फादर बीन्नो के कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर समाजसेवी राजेश्वर प्रसाद बडोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि फादर बीन्नो ने शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिली। राजेश्वर प्रसाद बडोनी ने अपने संबोधन में टिहरी में बन रहे मेडिकल कॉलेज का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और माननीय विधायक किशोर उपाध्याय के प्रयासों से टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सिविल सेवा की ओर प्रेरित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने बताया कि आईएएस अधिकारी मिनरल नेगी भी इसी विद्यालय की छात्रा रही हैं, जो आज युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ प्रशासनिक सेवाओं में जाने के लिए भी मेहनत करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान फादर बीन्नो को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
अपने संबोधन में फादर बीन्नो ने विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों के स्नेह एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चंबा की यादें हमेशा उनके दिल में बनी रहेंगी। समारोह का समापन भावुक माहौल में हुआ।
चंबा के कार्मल स्कूल में प्रधानाचार्य फादर बीन्नो को दी गई भावभीनी विदाई




