नवीन चौहान.
तीन कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। इसके तहत किसानों ने सड़कों पर जाम लगाना शुरू कर दिया है। नेशनल हाइवे पर कई स्थानों पर जाम लगा है। दिल्ली हरिद्वार मार्ग पर किसानों ने सुबह से ही जाम लगाना शुरू कर दिया है।
दिल्ली गाजियाबाद हाइवे पर भी किसानों ने जाम लगा दिया है। दिल्ली गाजीपुर बार्डर पर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोहाना टोल प्लाजा पर भी किसानों ने जाम लगा दिया है। इसके अलावा मेरठ जिले में 13 स्थानों पर जाम लगाने की घोषणा की गई है।
यूपी में किसानों के आंदोलन को देखते हुए एडीजी प्रशांत कुमार ने पुलिस कप्तानों को अतिरिक्त सुरक्षा बरतने के निर्देश दिये हैं। सभी से फील्ड में रहने के लिए कहा गया है। जिन स्थानों पर किसानों ने जाम लगाने के लिए कहा है वहां स्थानीय पुलिस भारी फोर्स के साथ मौजूद है। किसानों ने सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक भारत बंद का आहृवान किया है।
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारत बंद को लेकर चरथावल में भारतीय किसान यूनियन के पूर्व तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा व पूर्व ब्लाक अध्यक्ष ठाकुर कुशलवीर के नेतृत्व में एसआर पेट्रोल पंप चरथावल पर भाकियू के कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम किया है।