सीएम पुष्कर धामी बैटिंग पर पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत ने बजाई तालियां





नवीन चौहान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड सरकार की क्रीज पर शानदार बैटिंग कर रहे है। जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणाएं करते हुए मैदान के चारों तरफ बेहतरीन शॉट लगाकर जनता से वाहवाही बटोर रहे है। वही बैकडोर भर्ती घोटाले में डिफेंसिव पोजिशन में जांच कराने और युवाओं को इंसाफ दिलाने का भरोसा दे रहे है। धामी की इस बल्लेबाजी पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी खुश नजर आ रहे है और उनको शाबासी दे रहे है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुशमिजाज इंसान है। उनके चेहरे पर सदा मुस्कराहट रहती है। विपरीत परिस्थितियों में भी बड़े ही धैर्य के साथ निर्णय लेते है। लेकिन यूकेएसएसएससी परीक्षा में धांधली और विधानसभा में बैकडोर भर्ती ने उनको असहज जरूर किया। उनकी ही सरकार के मंत्रियों की सिफारिशों से मिली विधानसभा में नौकरी पर उनको जबाब देते नही बना। उन्होंने तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल के कार्यकाल की नियुक्तियों के संबंध में वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी को पत्र लिखा तथा जांच करने को कहा। यह पत्र सोशल मीडिया की सुर्खिया बना और प्रदेश के युवाओं को बैकडोर नियुक्तियों की सच्चाई उजागर होने की उम्मीद दिखाई दी। पुष्कर सिंह धामी के इस निर्णय को पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी सराहा। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की तारीफ करते हुए कहा कि यूकेएसएसएससी और विधानसभा में बैकडोर नियुक्ति की जांच सही दिशा में चल रही है। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने सही फैसला लिया है। युवाओं में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जांच पारदर्शी तरीके से होगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *