राज्यपाल ने किया लोक सूचना और अपीलीय अधिकारियों को सम्मानित




Listen to this article

न्यूज 127.
सूचना का अधिकार अधिनियम की 19वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राज्यपाल, लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने राजभवन ऑडिटोरियम में उत्तराखंड सूचना आयोग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के प्रशंसनीय कार्य करने वाले लोक सूचना अधिकारियों एवं प्रथम अपीलीय अधिकारियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रभारी मुख्य सूचना आयुक्त विवेक शर्मा एवं सूचना आयुक्त योगेश भट्ट, विपिन चंद्र ने उत्तराखंड पुलिस के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस ने सूचना का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जो पारदर्शिता और जवाबदेही को सुनिश्चित करते हैं।

राज्यपाल ने पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार के नेतृत्व में उत्तराखंड पुलिस द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा की। विशेष रूप से, पुलिस विभाग द्वारा सबसे कम समय में आवेदनों का निस्तारण करने के प्रयासों की सराहना की गई। इस दौरान थानाध्यक्ष नरेंद्र नगर, टिहरी गढ़वाल, गोपालदत्त भट्ट को उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम शासन और प्रशासन को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाता है, जिससे सुशासन को बल मिलता है और सुधारात्मक सुझाव प्राप्त होते हैं।

पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने थानाध्यक्ष, गोपालदत्त भट्ट को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान अन्य अधिकारियों को भी प्रेरित करेगा। उन्होंने यह विश्वास जताया कि उत्तराखंड पुलिस इसी प्रकार जनभावनाओं के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपनी कार्यप्रणाली जारी रखेगी।